वोटरों को किया जायेगा जागरूक
गोड्डा : चुनाव की तिथि की घोषणा के बाद से जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. डीसी राजेश शर्मा ने चुनाव आयोग के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को कुछ अलग अंदाज में मनाने का संकल्प लिया है. श्री शर्मा ने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मिशन 2014 को लेकर एलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी सेंटर पर सेविकाएं वोटरों को वोट करने के महत्व आदि की जानकारी देगी. वोटरों को निर्भीक व स्वच्छ मतदान करने की जानकारी व वोटरों को वोट करने को लेकर जागरूक किया जायेगा.
साथ ही वोटरों को शपथ भी दिलाया जायेगा. डीसी श्री शर्मा ने इसकी भी जानकारी दी कि नौ मार्च को सभी बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर भी नये वोटर को एपिक से जोड़ने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जिन वोटरों का नाम छूट गया है संबंधित बूथ पर जाकर अपना नाम वोटर लिस्ट से जुड़वा सकते है.
यह काम नामांकन के अंतिम दिनों तक चलेगा. साथ ही यह भी बताया कि सुधार आदि का कार्य कुछ दिन के बाद होगा. निर्वाचन आयोग इस मामले में गंभीर हैं. इसके लिये बूथ लेवल ऑफिसर को पूर्व में ही जानकारी दी गयी है. मौके पर जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी राजीव कुमार, डीपीआरओ विकास हेंब्रम आदि मौजूद थे.
