आदिवासी कल्याण छात्रवास में छात्र सुविधाओं से वंचित
गोड्डा : राज्य में सरकार बनती रही, विकास के वायदे किये जाते रहे. लेकिन शिक्षा से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं छात्र-छात्राओं को अबतक नहीं मिल सकी. संताल परगना आदिवासी बहुल क्षेत्र है मगर यहां ही आदिवासी छात्र-छात्राओं के शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए कोई ठोस प्रयास होता नहीं दिख रहा है. नतीजतन आज छात्रों लिए छात्रवास बनकर तो तैयार हैं लेकिन उन्हें यहां आधारभूत समस्याओं की कमी से जूझना पड़ रहा है.
कुछ ऐसा ही हाल है गोड्डा स्थित आदिवासी छात्रवास का. जहां के छात्र बुनियादी सुविधा के लिये तरस रहे है. और जिला कल्याण विभाग है कि मौन साधे हुए है. जिला मुख्यालय में प्लस टू विद्यालय के आदिवासी कल्याण छात्रवास की हालत किसी से छुपी नहीं है. यहां करीब दो सौ छात्र रहते है. इन छात्रों के लिये न तो साफ-सुथरा शौचालय है और न पीने को शुद्ध पानी और न ही पर्याप्त बिजली की व्यवस्था.
