गोड्डा : गोड्डा मारा में सोमवार को ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मौत हो गयी. जवान का नाम पलटन सोरेन है. चिकित्सकों के अनुसार जवान की मृत्यु ब्रेन हैंब्रेज से हुई है. सोमवार को करीब नौ बजे ड्यूटी के लिए तैयार होने जवान बाथरूम गया था. स्नान करने के दौरान वह अचानक गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भरती कराया गया. इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया. चिकित्सकों ने बताया कि बीपी अत्यधिक बढ़ जाने के कारण जवान गिर पड़ा और ब्रेन हैंब्रेज से उसकी मौत हो गयी.
चीत्कार से दहला अस्पताल
मौत की खबर सुनकर मृतक का पुत्र अस्पताल पहुंचा. पिता का शव देखकर वह रोने लगा. समूचा अस्पताल परिसर मातमी सन्नाटे में तब्दील हो गया. परिजनों के अनुसार पलटन सोरेन पूरी तरह से स्वस्थ था. परिजनों ने अन्य बातों की आशंका जतायी है.
क्या कहते हैं होमगार्ड संघ के प्रदेश सचिव मनोज कुशवाहा
होम गार्ड संघ प्रदेश सचिव मनोज कुशवाहा ने जेलर पर आरोप लगाया है कि तबीयत खराब होने की सूचना के बाद भी उन्होंने पलटन सोरेन को छुट्टी नहीं दी. जेलर ने पलटन सोरेन की बीमारी को गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने मौत के लिये जेलर को ही जिम्मेदार ठहरया है. उन्होंने प्रशासन से जेलर के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई की मांग की है. श्री कुशवाहा ने आश्रित को नौकरी के साथ-साथ 10 लाख के मुआवजे की मांग की है.
