गोड्डा : स्थानीय किसान भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवाल पर कहा कि ददई दुबे का मामला पार्टी अनुशासन से जुड़ा था. केंद्रीय नेता हो या मंत्री या कार्यकर्ता पार्टी के निर्देशों का पालन करें. नीतिगत मामलों पर ध्यान दें, असहज स्थिति पैदा करने पर कार्रवाई होती है.
बार-बार ऐसा कर ददई दुबे ने कांग्रेस की मर्यादा को तोड़ा. जिससे बाध्य होकर पार्टी ने कार्रवाई करने का निर्णय लिया. उन्होंने विशेष राज्य का दर्जा दिये जाने की मांग पर कहा कि राज्य में पहले से ही राज्य को इंटीग्रेटेड प्लान आदि के नाम पर पैसा केंद्र द्वारा दिया गया है.
जेवीएम व आजसू बताये कि क्या आर्थिक पैकेज की जरूरत है. पिछले वित्त वर्ष में 18 हजार करोड़ की जमा राशि खर्च नहीं हो पायी, तीन वर्ष के दौरान 12 हजार करोड़ लिया, काम नहीं हुआ, सरकार पर पहले ही 26 हजार करोड़ का कर्ज है, जरूरत है पैसे का उपयोग करने की. मगर बाबूलाल मरांडी व अर्जुन मुंडा राज्य का विकास नहीं सिर्फ बातें करते है. जो कुछ आप देख रहे है यह केवल चुनावी स्टंट भर है.
पीरपैंती-जसीडीह रेल परियोजना के मामले पर सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्र ने स्वीकृति दी है या नहीं,बजट में क्या हुआ, जब तक पूरी तरह जान नहीं लेते कुछ भी कहा नहीं जा सकता है.
जनता के सामने वोट मांगने का अधिकार ऐसे लोगों को नहीं है, जो जीतने के बाद आज तक सदन नहीं पहुंचे. कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री अवध बिहारी सिंह के बोलने के क्रम में हुई नारेबाजी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शिष्टाचार व शांति सबसे बड़ी पूंजी है. जो देखने को मिला वह अच्छी बात नहीं है.
मौके पर जिला अध्यक्ष विंदु मंडल, विधायक राजेश रंजन, फुरकान अंसारी, कृष्णानंद झा, अशोक चौधरी, जयकांत ठाकु र, राजेश मंडल, मो. नौसाद आलम,परवेज हसन डॉ अमित झा, दुमका कांग्रेस कमेटी से दिनेश कुमार दास, प्रभाकर मिश्र, तारक सिन्हा, पिंटू अंसारी, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हाजी इकररूल आलम आदि मौजूद थे.
