महापर्व छठ. खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने रखा 36 घंटे का निर्जला उपवास
नेम निष्ठा के साथ शनिवार को व्रतियों ने खरना की पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया. छठी मैया की बज रही लोकगीतों से माहौल भक्तिमय हो गया है. दिनभर श्रद्धालुओं ने बाजार में पूजन सामग्रियों की खरीदारी की. घाटों के पहुंच पथों को भी नपं कर्मियों व स्थानीय लोगों ने सफाई की
.
गोड्डा : सूर्योपासना व लाेक आस्था का महापर्व छठ का शनिवार को खरना संपन्न हो गया है. खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास रख लिया है. छठ घाटों की सफाई व रंग-रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया है.
आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे. पर्व को लेकर शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लास का माहौल है. महापर्व की तैयारी में जिलेवासी जुट गये हैं. शहर के हर मुहल्ले में छठ गीत बज रहे हैं. छठी मैया की लोकगीतों से माहौल भक्तिमय हो गया है. इससे पूर्व छठ पूजा को लेकर बाजार में भी काफी चहल-पहल देखी गयी. शहर के मुख्य बाजार में जगह-जगह पर कई अस्थायी दुकान लगा कर पूजन सामग्री की बिक्री हुई है. श्रद्धालुओं द्वारा नेम निष्ठा के साथ पूजन-सामग्रियों की खरीदारी की.
नगर अध्यक्ष ने किया घाटों का निरीक्षण :शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई आदि कार्यों को जायजा लिया. श्री सिंह ने मूलर्स टैंक छठ घाट सहित शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों में राजकचहरी तालाब, गांधीनगर गोढ़ी तालाब, कझिया नदी आदि छठ घाटों का निरीक्षण किया.
साफ-सफाई पर रही विशेष ध्यान :छठ घाटों की सफाई पर विशेष तौर पर ध्यान रखने का काम किया गया है. घाटों के अलावा पहुंच पथों की भी सामाजिक संगठनों व ग्रामीणों ने सफाई की. खास तौर पर मांस बाजार के पास के सड़क की सफाई कराकर बालू का छिड़काव किया गया है. वहीं कई घाटों के संपर्क पथ की सफाई की गयी.
मूलर्स टैंक के मुख्य द्वार की सफाई करते मजदूर व छठ पूजा की सामग्री से सजी दुकान.फोटो। प्रभात खबर
महेशपुर में युवा मंच के सदस्यों ने की सफाई
छठ महापर्व को लेकर युवा विकास मंच की ओर से महेशपुर ग्राम में सफाई अभियान चलाया गया. सदस्यों ने पूरी तरह से साफ सफाई कर व्रतियों को छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुविधा प्रदान किया है. केंद्रीय अध्यक्ष नितिन कात्यायन ने सफाई अभियान में लगे मंच के सदस्यों के प्रयास की सराहना की. सफाई अभियान में अमित आनंद झा, मृत्यंजय झा, आशीष झा, मुकेश कुमार झा, गंगेश झा, ओंकार झा, राकेश रौशन झा, रौशन कुमार, राजदीप झा, केशव कुमार, चितरंन कुमार, रमन झा आदि शामिल थे.
