दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन
पेनाल्टी सूट आउट से विजेता का हुआ फैसला
विजेता 51 व उपविजेता को मिला 41 हजार का पुरस्कार
बोआरीजोर : प्रखंड के बड़ा सिमड़ा खेल मैदान में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया. फाइनल मुकाबले में दुर्गापुर टीम ने पेनाल्टी सूट आउट में बड़ा सिमड़ा टीम को पराजित कर कर कप पर कब्जा जमा लिया है. विजेता टीम को विधायक ताला मरांडी की ओर से 51 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया. वहीं उपविजेता टीम को जिप सदस्य रामजी साह ने 41 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया.
मौके पर विधायक ने कहा कि फाइनल मैच में दोनों टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है. खेल में जीत-हार लगी रहती है. हार से सीख लेकर आगे बढ़ने का मौका मिलता है. ऐसे प्रतियोगिता से ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों की छुपी प्रतिभा को निखारा जा सकता है. उन्होंने आयोजकों की तारीफ की. मौके पर आयोजन समिति सदस्य सुभान मरांडी, भगन बास्की, महेंद्र हेंब्रम, संजीव प्रमाणिक, किशोर मिर्धा, तुषार सोरेन आदि उपस्थित थे.
