कार्यपालक अभियंता के आवास पर जुटे विद्युत विभाग के कर्मी.
कर्मियों ने कार्यपालक अभियंता के आवास पर दिया धरना
तीन माह से मानदेय भुगतान के आश्वासन पर कर रहे थे काम
गोड्डा : मानदेय भुगतान की मांग को लेकर बिजली विभाग के निजी कर्मी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गये हैं. पिछले तीन माह से उनलोगों को आश्वासन देकर काम लिया जा रहा था. कर्मियों ने रविवार को कार्यपालक अभियंता के आवास पर धरना दिया. सभी कर्मी पूर्व में फ्रेंचाइजी के तहत काम कर रहे थे.
एजेंसी का कांट्रेक्ट खत्म होने के बाद विभाग की ओर से पुन: रख लिया गया था और शीघ्र मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया. लेकिन जुलाई माह से अब तक कर्मियों को मानदेय का भुगतान नही होने पर रोष हैं. कर्मियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर भी मानदेय का भुगतान नहीं हो पाना काफी दु:खद है. कर्मियों ने मानदेय भुगतान की मांग की है. हड़ताल पर जानेवाले कर्मियों में मुकेश, सज्जाद, रवि, दिनेश, दीपक आदि शामिल हैं.
क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता
इस बाबत कार्यपालक अभियंता गोपाल प्रसाद वर्णवाल ने बताया कि कर्मियों को दूर्गा पूजा के अवसर पर कुछ राशि दी जायेगी. निजी कर्मियों को रखने के लिये राज्य परियोजना में मामला विचाराधीन है. इसके बाद ही इन कर्मियों को सम्मानजनजक मानदेय दिया जा सकेगा.
