गोड्डा : चोर की नजर पोटली पर है. बालू और सरकारी खजाना लूटने के बाद हेमंत सरकार की नजर अब राज्य लूटने पर है. यह बातें बुधवार को आदिवासी मोरचा के जिला सम्मेलन के दौरान विधायक सह प्रदेश महासचिव प्रदीप यादव ने कही. कहा कि पांच माह में सरकार ने एक भी योजनाओं को धरती पर उतरने नहीं दिया है.
आदिवासी विरोधी अब तक की भाजपा तथा कांग्रेस समर्थित सरकार ने राज्य के 90 आदिवासी युवाओं के भविष्य को पायलाट प्रोजेक्ट योजना में कमीशन खाकर बरबाद कर दिया. सरकार की सुखाड़ राहत व शिक्षक नियुक्ति की घोषणा सब के सब हवा हवाई रह गयी. सरकार घूस लेने वाले पदाधिकारियों को पहचान के लिये विज्ञापन छपा रही है, लेकिन सरकार सबसे बड़ी घूसखोर है.
आदिवासी विकास को दें मौका
श्री यादव ने कहा राज्य के सभी आदिवासी भाइयों जेवीएम का समर्थन कर बहुमत की सरकार बनायें ताकि आदिवासियों का सही तरह से विकास हो. उन्होंने कहा विधानसभा सत्र से पहले आदिवासियों के हॉस्टल का मामला उठाया जायेगा. जब तक कार्रवाई नहीं होगी, विधान सभा सत्र चलने नहीं दिया जायेगा.
विधायक मिस्त्री सोरेन ने कहा आदिवासियों को सम्मान केवल बाबूलाल मरांडी दे सकते हैं. उन्होंने कहा झारखंड मुक्ति मोरचा से मुक्त होकर आदिवासी अब जेवीएम व बाबूलाल मरांडी को माना है.
वोट बैंक के लिये किया आदिवासियों का इस्तेमाल प्रदेश अध्यक्ष सिद्धेश्वर मुंडा ने कहा कि राज्य में आदिवासियों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के लिये किया जाता रहा है. आजादी के बाद केंद्र में ज्यादातर कांग्रेस की ही सरकार रही है. बाबूलाल मरांडी ही उनके विकास का सबसे बड़ा विकल्प हैं.
सभी 81 सीटों पर जेवीएम के होंगे उम्मीदवार
पार्टी नेता नुनलाल मरांडी ने कहा : आदिवासियों के जुटान को देखर काफी हर्ष है. राज्य के सभी 81 विधानसभा तथा 14 लोकसभा सीटों पर जेवीएम का उम्मीदवार होगा.
इन्होंने भी रखी बात
गोड्डा लोक सभा प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि राज्य में आदिवासियों का भला किसी ने नहीं किया. सांसद निशिकांत दुबे ने तो पोड़ैयाहाट के सलैया रेलवे हॉल्ट को बिहार भेजने के साथ अपने फंड को भी बिहार में दिया. वहीं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को भी आदिवासी विरोधी के साथ साथ विकास विरोधी बताया.
पार्टी नेता सूर्य नारायण हांसदा, लिट्टीपाड़ा के अनिल मुमरू, दुमका लोक सभा प्रभारी परितोष सोरेन, जरमुंडी के बाबूराम मुमरू, सरैयाहाट के श्याम सुंदर मडैया, रमेश मुमरू, सुफल किस्कू, दिनेश मुमरू, मुखिया हेमलाल किस्कू, देवीलाल सोरेन ने भी अपनी बातों को रखी. मौके पर जिलाध्यक्ष धनंजय यादव, दिलीप कुमार साह, अमरनाथ टेकरीवाल, महागामा के वरीय नेता शाहिद इकबाल, अजीत कुमार महात्मा, सिमोन मालतो, नील मुनी मुमरू, शेलजानंदन झा,अताउर रहमान सिद्दीकी, अबुल बहाव संस , गोड्डा लोक सभा सह प्रभारी श्री देव आदि थे.
