डीसी ने की सपोर्ट ऑवर स्कूल की समीक्षा, कहा
गोड्डा : समाहरणालय में शनिवार को सपोर्ट आवर स्कूल की समीक्षा बैठक की गयी. इसमें शिक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारी व इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये बनायी गयी टीम के पदाधिकारी शामिल हुए.
डीसी के रवि कुमार ने सभी प्रखंड के विद्यालयों की हालचाल सर्वेयर से ली. इस दौरान कई सरकारी विद्यालयों के हालत की पोल खुल गयी. इससे डीसी सहित सभी विभाग के पदाधिकारियों ने आश्चर्य व्यक्त किया.
विद्यालयों में शौचालय व पानी नहीं
डीसी के रवि कुमार को विद्यालय व बच्चों की रखरखाव की जानकारी सर्वेक्षण टीम ने दी. इनलोगों ने बताया कि अधिकांश विद्यालयों में सरकारी भवन, शौचालय व पेयजल की समस्या है. पानी का अभाव का रोना प्राय: सभी विद्यालयों में रोया जा रहा है.
कार्यपालक दंडाधिकारी कामदेव रजक ने बताया कि सदर प्रखंड के उर्दू मध्य विद्यालय, असनबनी अंसारी टोला आदि स्कूलों के कमरे का अभाव है. आधे से अधिक भवनों में सरकारी ऑफिस चलाया जा रहा है. भतडीहा के शिवाजी नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सर्वशिक्षा का पोषाहार रखा जा रहा है.
इस मामले पर डीसी ने डीएसइ को विद्यालय भवन का कमरा खाली कर विद्यालय के लिये छोड़े जाने का निर्देश दिया. वहीं बोआरीजोर व सुंदरपहाड़ी प्रखंड में विद्यालयों की खराब स्थिति सुनकर डीसी ने इस ओर सुधार का निर्देश बीइइओ व बीपीओ को दिया. अपर समाहर्ता राजेश पाठक ने भी जांच के बाद अपनी रिपोर्ट को डीसी के समक्ष प्रस्तुत किया.
सुंदरपहाड़ी प्रखंड में शिक्षा की रिपोर्ट कमजोर है. विद्यालयों में सरकारी शिक्षक का ठहराव नहीं हैं. पारा शिक्षक स्कूल चला रहे हैं. स्कूल में बच्चों की उपस्थिति कम है.
बच्चों से कराते हैं साफ–सफाई : डीडीसी
डीडीसी देवेंद्र भूषण सिंह ने कहा कि प्राय:सभी विद्यालयों के शिक्षक बच्चों से विद्यालय प्रांगण सहित बाथरूम आदि को साफ कराया जाता है. उन्होंने इस दिशा में सुधार लाने का निर्देश दिया.
वहीं डीसी श्री कुमार ने सभी विद्यालयों में एमडीएम की राशि से विद्यालय में साबुन की खरीदी करने पर जोर दिया.
गोचर जमीन पर नहीं बने मैदान
डीसी श्री कुमार ने बीइइओ को सरकारी जमीन पर बच्चों के लिये खेलकूद मैदान बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में गोचर जमीन को समतल कर खेल का मैदान नहीं बनाना है. मौके पर एसडीओ गोरांग महतो, जिला भूमि सुधार उप समाहर्ता परवेज इब्राहिमी, डीएसइ, डीइओ , सभी प्रखंड के बीडीओ एवं बीइइओ मौजूद थे.
