गोड्डा : आइसीआइसीआइ बैंक प्रकरण में दिन–प्रतिदिन नये मामले सामने आ रहे हैं. गोड्डा शाखा के कर्मियों की धोखाधड़ी से बैंक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. शहर के व्यवसायी अरुण कुमार अग्रवाल ने अपने पूरे परिवार के अकाउंट से फर्जी तरीके से राशि की निकासी व फर्जी एफडी बनाकर की राशि की कुल 66,77,171 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बैंक के अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है.
इसमें बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर चंदा कोचर, पूर्व प्रबंधक रवि शर्मा, वर्तमान शाखा प्रबंधक अरूण कुमार सिंह, अनुपमा राज, देवघर हेड कल्स्टर विवेक श्रीवास्तव व विकास कुमार को आरोपित बनाया गया है.
दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि पूर्व पूर्व प्रबंधक के कहने पर उन्होंने आइसीआइसीआइ में खाता खुलवाया व राशि जमा करायी थी. इसमें उनके छोटे भाई प्रदीप कुमार अग्रवाल, मां दुर्गा देवी सहित मंजू देवी टेकरीवाल व पुष्पा संतालिया के नाम से बैंक में 66,77,171 रुपये की राशि एफडी के रूप में जमा की गयी थी. उन्होंने बताया कि पूर्व प्रबंधक द्वारा ऊंचे ब्याज दर का लालच दिखा कर धोखे से राशि जमा करायी गयी. इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 528/13 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है.
