गोड्डा : 16 दिसंबर को पाकिस्तान के पेशावर में आर्मी स्कूल को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने 132 बच्चों की हत्या कर दी थी. इस हमले के बाद भारत सरकार ने सभी राज्यों को अल्र्ट कर दिया था. खास कर स्कूलों, कॉलेजों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिये गये थे. लेकिन गोड्डा में सर्व शिक्षा अभियान परियोजना द्वारा संचालित कस्तूरबा विद्यालय में अब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं दिखे.
इस तरह के हमलों से निबटने के लिए जिले के कस्तूरबा विद्यालयों में कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं. परियोजना द्वारा गोड्डा जिला अंतर्गत आठ प्रखंडों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है. जिनमें गोड्डा, पोड़ैयाहाट, पथरगामा, महगामा, सुंदरपहाड़ी, ठाकुरगंगटी, मेहरमा, बोआरीजोर कस्तूरबा विद्यालय हैं.
इन विद्यालयों में कुल 1708 छात्राएं अध्ययनरत हैं. सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी कस्तूरबा विद्यालय में एक -एक सुरक्षा गार्ड बगैर अस्त्र-शस्त्र के प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
