पोड़ैयाहाट: पोड़ैयाहाट प्रखंड क्षेत्र के छोटी राजदाहा गांव के बाहरी जंगली क्षेत्र में शनिवार को बाघ के पंजे के निशान मिले हैं. इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे छोटी राजदाहा गांव के ग्रामीणों ने दहशत में रात गुजारी. ग्रामीणों ने बताया कि जंगली क्षेत्र में बाघ देखा गया.
ग्रामीणों ने शनिवार सुबह इसकी सूचना वन विभाग को दी. शनिवार की सुबह ग्रामीणों द्वारा जंगली क्षेत्र में जा कर देखा गया तो क्षेत्र के रेत वाले स्थान में दो पंजे के निशान मिले. क्षेत्र में बाघ होने की खबर पर ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है. खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम या वनपाल छोटी राजदाहा के जंगली क्षेत्र में नहीं पहुंची थी.
‘ ग्रामीणों की सूचना सही है. पिछले दिनों सुंदरपहाड़ी के लालपुर इलाके में बाघ के पंजे के निशान का वीडियो फुटेज बनाया गया है. छोटी राजदाहा क्षेत्र के जंगली इलाके की सूचना देर से मिली है. वनपाल को इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिया गया है.’ -रामभरत, डीएफओ गोड्डा
