ठाकुरगंगटी : प्रखंड के खरखोदिया पंचायत के कालीकिता गांव जानेवाली कच्ची सड़क की हालत अत्यंत खराब हो गयी है. यह सड़क आधा दर्जन गांवों को जोड़ती है. जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है. इस मार्ग से होकर खरखोदिया पंचायत के अंतर्गत आने वाले पांचुकिता, भत्तुकिता, गोदरायकिता,धनियाकिता, हरीपुर नवाडिह के ग्रामीण आवागमन करते हैं.
सड़क उबर-खाबड़ है. चारपहिया वाहनों का चलना तो दूर साइकिल चालक भी हिचकोले खाते हुए गंतव्य स्थान तक पहुंचते हैं. बरसात के दिनों में कच्ची सड़क की मिट्टी गिली हो जाती है. इससे वाहनों के पलटने का डर बना रहता है. कई बार दुर्घटनाएं भी घट चुकी हैं.
ग्रामीण प्रधान सोरेन, छेदीकोड़ा, प्रेमलाल सोरेन एवं सुशीला ने बताया कि पिछले पांच सालों में सड़क की हालत और भी खराब हो गयी. उन्होंने बताया कि ऐसा नहीं है कि इस सड़क से होकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गांव में प्रवेश नहीं करते हैं, लेकिन किसी ने भी सड़क के निर्माण में रुचि नहीं दिखायी. इसके कारण ग्रामीण जर्जर सड़क पर चलने को मजबूर हैं.
