पोड़ैयाहाट : प्रखंड के आमगाछी संताली टोला में झुंड से बिछड़े दो हाथियों ने एक वृद्ध को कुचल कर मार डाला. मृतक का नाम बबलू हेंब्रम (50 वर्ष) है. घर से निकाल कर हाथियों ने बबलू को सूंड से घुमा कर फेंक दिया. घटनास्थल पर ही बबलू ने दम तोड़ दिया.
वहीं हाथियों ने घर को भी नुकसान पहुंचा है. पड़ोस के रहने वाले मंटू हेंब्रम के घर को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है. मंटू ने भाग कर अपनी जान बचा ली. दोनों चचेरे भाई हैं. उत्पात मचाने के बाद हाथी अब तक आमगाछी क्षेत्र में ही हैं.
ग्रामीणों ने हाथियों को आमगाछी क्षेत्र के जंगल की ओर खदेड़ दिया है. हाथियों से भयभीत ग्रामीण खौफ जदा होकर रात जाग कर काट रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी श्यामपुर जंगल की ओर से आये थे. खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम हाथियों को भगाने के लिये पहुंच चुकी थी.
आठ दिन पूर्व हाथियों ने गंगवारा की महिला को कुचला था
आठ दिन पूर्व भी हाथियों का झुंड निकला था. गंगवारा में 45 वर्षीय फुलमणि देवी को हाथियों ने कुचल कर मार डाला था. ग्रामीणों ने हाथियों को खदेड़ कर भगाया. जानकारी के अनुसार हाथी साल में एक बार इस मार्ग से होकर गुजरते हैं. मार्ग में पड़ने वाले घरों व जान-माल की क्षति पहुंचाते हैं.
भेजी गयी है टीम
जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी रामभरत ने बताया कि टीम भेजी गयी है. टीम हाथियों को भगाने के लिये जंगल की ओर खदेड़ेगी. वहीं प्रभावित परिवारों को मुआवजा भी दिया जायेगा.
