Giridih News :गिरिडीह में आंधी-बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

Giridih News :भीषण गर्मी के बाद गिरिडीह वासियों को गुरुवार की शाम आयी आंधी और झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी. करीब एक घंटे तक बारिश और तेज रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया.

दिन भर लोग गर्मी से परेशान थे. शाम करीब चार बजे के बाद मौसम बदला. आसमान काले बादल से घिर गये और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गयी. ग्रामीण क्षेत्र में भी बारिश हुई. आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई. हालांकि ठंडी हवाओं से लोगों ने राहत की सांस ली. पार्क और खंडोली डैम में शाम को लोग परिवार के साथ मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे. इधर, बारिश के बाद आसमान में इंद्रधनुष दिखा, जिसे लोगों ने अपने-अपने मोबाइल में कैद किया.

दोपहर बाद हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, परेशानी बढ़ी

दो दिनों से बगोदर समेत आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद मूसलाधार बारिश होने से मौसम पूरी तरह बदल गया है. गुरुवार की सुबह और दोपहर तीन बजे के बाद लगातार बारिश होती रही. दिन में ही अंधेरा छा गया. दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना मजबूरी थी. इस दौरान तेज आंधी के साथ करीब तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई. इधर, बारिश होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सर्वाधिक असर साप्ताहिक हाट पर पड़ा, जो कि गुरुवार को लगता है. विष्णुगढ़, टाटीझरिया, अटका, औरा व बगोदर के ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जियां बेचने आनेवाली महिलाओं को काफी नुकसान भी हुआ. गुरुवार को उनकी बिक्री नहीं के बराबर हुई. बारिश से बगोदर बाजार की स्थिति पूरी तरह नारकीय हो गयी. बगोदर चौक के पास जलजमाव हो गया. साथ ही राहगीरों के साथ ही बाइक चालकों को सड़क से गुजरने में काफी परेशानी हुई. लगातार हुई आंधी-बारिश ने बिजली व्यवस्था को भी प्रभावित किया. कई जगह बिजली तार भी गिर गये. तीन बजे से गुल हुई बिजली समाचार लिखे जाने तक नहीं आयी थीं. बेमौसम बारिश आफत बनकर आयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >