Giridih News : गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक बाजार में घुस गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों, दुकानों और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (संख्या जेएच 02 बीएल 1853) अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे भीड़भाड़ वाले बाजार में घुस गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग दूर जा गिरे. कई दुकानों के शटर और ठेले भी क्षतिग्रस्त हो गये. 16 चक्का ट्रक पर कोयला लदा था.
पहले बाइक को मारी टक्कर :
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बगोदर की ओर से आ रहे ट्रक ने सबसे पहले एनएचएआइ के कुलगो टॉल प्लाजा के पास एक बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद तेज गति से इसरी की ओर भागने लगा. इसी दौरान इसरी पुल से पहले ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को टक्कर मार दी. इसके बाद सड़क किनारे खड़ी दो कार समेत कई वाहनों को रौंदते हुए एक चहारदीवारी तोड़कर बिजली के पोल से जा टकराया. मैजिक वाहनों को रौंदते हुए बंद पड़े हिरा लाल जैन के पेट्रोल पंप में जा घुसा. कई वाहनों में फंसने के बाद ट्रक रुक गया. इसके बाद चालक भाग निकला. ट्रक ने बाइक, कार समेत करीब 13 वाहनों को रौंद दिया. घायलों को डुमरी के जामताड़ा स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें सात को धनबाद रेफर कर दिया गया.इसरी बाजार में मातम :
घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर डुमरी के एसडीपीओ और एसडीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव भी मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य की निगरानी की. घटना के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और आक्रोशित लोगों की भीड़ जुट गयी है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 65 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, लोगों में भारी आक्रोश :
भीषण हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. चारों ओर चीख-पुकार मच गयी और लोग इधर-उधर भागते नजर आये. हादसे की भयावहता को देखते हुए कुछ देर के लिए पूरा इसरी बाजार ठप हो गया. दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे पूरे बाजार में दहशत का माहौल कायम हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये. ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका. लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इसरी बाजार क्षेत्र में नो-एंट्री लागू नहीं होने की वजह से भारी वाहनों का बेरोकटोक आवागमन जारी था. यदि समय रहते नो-एंट्री की व्यवस्था की गयी होती, तो संभवतः इस तरह की बड़ी घटना टाली जा सकती थी. उनका कहना है कि कई बार शिकायत किये जाने के बाद भी बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगायी गयी. हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं तथा लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.मृतकों की सूची
1.डुमरी के नावा टांड़ निवासी कारी इरशाद (46)2. गिरिडीह निवासी सुजीत (37)3. गिरिडीह के बरवाडीह निवासी टहल साव (58)4. घुटवाली के संतोष महतो (31)5. एक अन्य की पहचान फिलहाल नहीं हो सकीघायलों के नाम
– नावाटांड़ की रुखसार खातून- रांगामाटी निवासी सागीर,- इसरी की सुधा वर्मा– बगोदर निवासी संजय कुमार साव- धनबाद के असर्फी अस्पताल में कादिर अंसारी(29), रांगामाटी जीटी रोड और सुभाष चंद्र (69), कपसारा, रतनपुर
– धनबाद के जेपी अस्पताल में भर्ती रुकसाना परवीन, डुमरी निवासी.