Giridih News :भाजपा को ना प्रस्तावक मिला और ना ही समर्थक

Giridih News :डिप्टी मेयर के चुनावी दौड़ में भाजपा काफी पीछे रह गयी. भाजपा समर्थित छह वार्ड पार्षद चुनाव के बाद से ही डिप्टी मेयर के कुर्सी पर नजर जमाये बैठे थे. बताया जा रहा है कि दो भाजपा समर्थित वार्ड पार्षदों ने जोड़-तोड़ का काफी प्रयास भी किया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.

सूत्रों की मानें तो कुछ अन्य वार्ड पार्षदों का सहयोग लेकर ढाई-ढाई साल का डिप्टी मेयर बनने को लेकर बातचीत भी शुरू की गयी. लेकिन, यह प्रयास भी रंग नहीं लाया. अब जब सोमवार को डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गयी, तो सभी वार्ड पार्षद समाहरणालय के सभागार में बने मतदान केंद्र में बैठे रहे. सभी 36 वार्ड पार्षदों व महापौर की उपस्थिति में 12.36 बजे से 1.06 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया जारी रही. इस दौरान एक प्रस्तावक व एक समर्थक वार्ड पार्षद के साथ जेएमएम समर्थित वार्ड पार्षद सुमित कुमार ने अपना नामांकन दर्ज करा दिया. अन्य कोई भी उम्मीदवार इस पद के लिए नामांकन पत्र नहीं दाखिल किये. फलस्वरूप सुमित कुमार को निर्विरोध डिप्टी मेयर के रूप में चयन कर लिया गया. इस दौरान भाजपा समर्थित वार्ड पार्षद देखते रहे. बताया जाता है कि भाजपा समर्थित वार्ड पार्षदों की संख्या छह थी लेकिन ना ही कोई प्रस्तावक रहे और ना ही कोई समर्थक.

डीसी ने निकलने नहीं दिया : संजीव

वार्ड नंबर छह के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद व भाजपा समर्थित संजीव कुमार का कहना है कि उन्होंने नामांकन प्रक्रिया का विरोध किया. नामांकन शुरू करने की निर्वाची पदाधिकारी की घोषणा करने के साथ ही वे बाहर निकलने लगे. लेकिन डीसी रामनिवास यादव ने उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया. इस दौरान उपायुक्त का कहना था कि बाहर जाकर प्रशासन पर आरोप लगाया जा सकता है कि उन्हें नामांकन की प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया. संजीव का कहना है कि भाजपा समर्थित छह वार्ड पार्षदों में से दो वार्ड पार्षद वे स्वयं और दीपक कुमार यादव ने वोट बहिष्कार किया था. यह अलग बात है कि प्रशासन दोनों को बाहर निकलने से रोक दिया. कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी कहा करते थे कि सत्ता आयेगी और जायेगी, लेकिन लोकतंत्र बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि कहीं ना कहीं सत्ता पक्ष के दबाव में कई को प्रभावित किया गया. इधर, निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी स्मृता कुमारी ने कहा कि आधा घंटा का नामांकन का निर्धारित समय सीमा पर नामांकन कराया गया. नामांकन स्वेच्छा से करना था. अंतिम समय तक कोई नामांकन नहीं होने के कारण डिप्टी मेयर के रूप में सुमित कुमार को निर्विरोध चुन लिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >