Giridih News :बेंगाबाद बाजार में सड़क किनारे सजतीं हैं दुकानें, जाम से लोग परेशान

Giridih News :बेंगाबाद बाजार में जाम की समस्या से लोग त्रस्त हैं. यहां से होकर गुजरने वाले राहगीरों के अलावे आसपास के ग्रामीणों को जाम से रोज परेशानी होती है. चिलचिलाती धूप में जाम में बाइक और साइकिल सवार के साथ के पैदल चल रहे राहगीरों को खासी फजीहत होती है.

वहीं लंबी दूरी तक जानेवाले वाहन सवार को जाम की गर्मी एसी वाहन में बैठने के बाद भी राहत नहीं मिलती है. जाम हटाने के लिए चौक पर चौकीदार तक की व्यवस्था नहीं की गयी है, जबकि बेंगाबाद बाजार से थाना की दूरी महज कुछ ही मीटर है. ऐसे में राहगीरों के बीच यहां रोज हंगामा होना आम बात है.

डीसी के निर्देश के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई

बता दें कि इसरी बाजार में अनियंत्रित मालवाहक वाहन के से हुए बड़े हादसा के बाद डीसी रामनिवास यादव ने इसे गंभीरता से लिया. उन्होंने जिले के हर चौक-चौराहों पर सड़क किनारे लगने वाले हाट बाजार को सड़क से हटाने का निर्देश दिया. डीसी कुछ दिन पूर्व जब बेंगाबाद पहुंचे, तो थाना प्रभारी व अंचल निरीक्षण को स्पष्ट रूप से सड़क किनारे सजी अस्थायी दुकानों को हटाने का निर्देश दिया था. निर्देश के बाद अधिकारियों ने दिलचस्पी दिखायी और डीसी के वापस लौटने के पूर्व ही बेंगाबाद बाजार में एनएच किनारे लगी सभी दुकानों को लूप लेन में शिफ्ट कर दिया. लेकिन, डीसी के जाते ही पुनः पुरानी स्थिति उत्पन्न हो गयी. वर्तमान में सुबह से लेकर देर शाम तक बेंगाबाद-मधुपुर मुख्य सड़क के किनारे सब्जी व फल की दुकानें रोज सजती हैं. इस मार्ग से होकर सैकड़ों वाहनों का काफिला रोज गुजरता है. अधिकारियों का भी आना-जाना भी लगा रहता है, लेकिन इन दुकानाें को सड़क से हटाने की कोई प्रशासनिक पहल नहीं हो रहा है. ऐसे में यदि वाहन अनियंत्रित हुआ, तो बड़ी दुर्घटना की से इंकार नहीं किया जा सकता है.

टेंपो-टोटो भी बड़ा कारण

बेंगाबाद चौक से होकर कई पंचायतों के ग्रामीण गुजरते हैं. वहीं, बिहार, देवघर, मधुपुर सहित अन्य स्थानों के लिए लोग इस सड़क का उपयोग करते हैं. लेकिन, बाजार के रास्ते को क्लीयर नहीं किया गया है. सड़क किनारे दुकान लगने के कारण खरीदारों को वाहन सड़क पर खड़ा मजबूरी है. टेंपो और टोटो दिनभर सड़क पर ही खड़े रहते हैं और सवारियों का इंतजार करते हैं. इसके कारण भी नियमित जाम लगता है. पूर्व सीओ ने समस्या समाधान के लिए सड़क से अतिक्रमण हचाया था. कई दुकानों के बाहरी भाग को तोड़ा भी, लेकिन आज स्थिति वही पुरानी हो गयी है. स्थायी दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठानों का आगे बढ़ा लिया है. इस पर भी अधिकारियों का ध्यान नहीं है.

हाट हटाने के लिए चिह्नित की गयी है जमीन : सीओ

सीओ आमिर हमजा का कहना है कि चौक से हाट को हटाने के लिए जमीन को चिह्नित की गयी है. सत्यापन का काम अंतिम चरण में है. इसके बाद स्वतः जाम की समस्या समाप्त हो जायेगी. कहा कि चौक पर किये गये अतिक्रमण और सड़क पर लगने वाले टेंपो-टोटो को हटाने के लिए पुलिस का सहयोग लिया जायेगा. चौकीदारों की नियमित ड्यूटी लगायी जायेगी. वहीं, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने कहा कि सीओ जब भी जवान की मांग करेंगें, व्यवस्था की जायेगी.

(अशोक शर्मा, बेंगाबाद)B

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >