सर्वे के बाद बाद आगामी पांच वर्षों के लिए शहरी आजीविका से जुड़े सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार किया जायेगा. इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम कार्यालय में बैठक हुई. अध्यक्षता उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने की. बैठक में सर्वे के लिए नियुक्त राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी संस्थान एनआईटी कालीकट केरल के प्रतिनिधि सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ मो फिरोज व प्रोजेक्ट एसोसिएट एंटनी घोष उपस्थित रहे. उप नगर आयुक्त व एएमसी ने संस्था के सदस्यों व सर्वे टीम को सर्वे की प्रकृति, कार्यप्रणाली और निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने को लेकर निर्देश दिये. सर्वे टीम को निगम क्षेत्र में घर-घर व दुकानों में जानकारी एकत्र करने, स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट नगर निगम कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
आजीविका बेहतर करना उद्देश्य : उप नगर आयुक्त
उप नगर आयुक्त ने बताया कि यह योजना शहरी गरीबों, स्वयं सहायता समूहों, स्ट्रीट वेंडरों युवाओं, स्थानीय कारीगरों, कॉमन इंटरेस्ट ग्रुप और असुरक्षित व्यावसायिक समूह को रोजगार के अवसर, कौशल विकास और वित्तीय सहायता देगी, ताकि उनकी आजीविका को बेहतर बनाया जा सके. सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा ने शहरवासियों से अपील किया कि सर्वे में सहयोग करें और सही जानकारी दें, ताकि शहर के विकास और शहरी गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए रोडमैप बने एवं उसको प्रभावी रूप से लागू किया जा सके. बैठक में नगर मिशन प्रबंधक सुमित कुमार घोष, सामुदायिक संगठनकर्ता श्री गुप्ता रविदास, आनंद शर्मा आदि उपस्थित थे.
