Giridih News :सब्जी बेच रही महिला पर टूटकर गिरा बिजली का तार, मची अफरा-तफरी

Giridih News :स्टेशन रोड सरिया स्थित सब्जी मंडी (कोऑपरेटिव बाजार) में गुरुवार की सुबह लगभग आठ बजे सड़क किनारे सब्जी बेच रही एक महिला पर बिजली का तार टूटकर गिर गया. तार टूटने से सब्जी बाजार में अफरा-तफरी मच गयी.

तार में करंट प्रवाहित था. लोगों ने बांस की सुखी बल्ली से तार को हटाया. लेकिन, तब तक वह महिला बेहोश हो चुकी थी. प्रतिदिन की तरह गुरुवार की सुबह बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र के चंद्रमारणी मोहल्ला की आशा देवी (45) पति कामेश्वर प्रसाद सब्जी बेचने स्टेशन रोड सरिया आयी थी. सड़क किनारे नीम पेड़ के नीचे बैठकर वह सब्जी बेच रही थी. इसी बीच बिजली का तार टूटकर गिरा और वह इसकी चपेट में आ गयी. महिला के पुत्र पवन कुमार ने अन्य लोगों के सहयोग से अपनी मां को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह इलाजरत है. चिकित्सकों ने बताया कि इलाज के बाद स्थिति में सुधार हुआ है और महिला खतरे से बाहर है. इधर, जानकारी मिलने पर बिजली कर्मी घटनास्थल पर पहुंची तथा टूटे हुए बिजली तार को समेटकर ले गये. राहत की बात यह रही कि जब घटना घटी, उस समय भीड़ कम थी. नहीं तो कई लोग तार की चपेट में आते.

पूर्व में भी हो चुकी है घटना

बता दें कि सरिया में बिजली का जर्जर तार टूटकर गिरने की यह कोई पहली घटना नहीं है. इसके पूर्व भी बिजली के जर्जर तार के टूटकर गिरने की घटनायें हो चुकीं हैं. कई लोग तथा मवेशी इसकी चपेट में आ चुके हैं. स्थानीय लोग बिजली के जर्जर तार व पोल बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई पहल नहीं हो रही है. लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जर्जर व नंगे तार की जगह केबल तथा हाइटेंशन तार के नीचे नेट लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >