इसके कारण उक्त इलाके में एक भय का माहौल बनता जा रहा है. जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात सीपी साइडिंग में ड्यूटी में तैनात सुरक्षा प्रहरियों के साथ कोयला चोरों ने गाली-गलौज की. कोयला चोर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने वाले सुरक्षा प्रहरी को खोज रहे थे.
बुधवार की रात कोयला चोर फिर पहुंचे साइडिंग
बता दें कि गत मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह कोयला चोरों ने सुरक्षा प्रहरियों और होमगार्ड के जवानों के साथ मारपीट की थी. इस घटना को लेकर सीसीएल सुरक्षा विभाग ने मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इससे नाराज कोयला चोरों का गिरोह बुधवार की रात सीपी साइडिंग पहुंचा और सुरक्षा गार्डों से गाली-गलौज की. बता दें कि कबरीबाद माइंस में आउटसोर्सिंग कंपनी कोयला का उत्पादन कर रही है. कंपनी द्वारा उत्पादित इस कोयले की चोरी की जा रही है. वहीं, सीपी साइडिंग में कोयला स्टॉक और रेल रैक से कोयले की चोरी होती है. धड़ल्ले से बाइक से कोयले की तस्करी हो रही है. कोयला तस्करों का मनोबल काफी बढ़ गया है. कोयले की तस्करी के कारण सीसीएल और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है. सूत्रों का कहना है कि संगठित गिरोह के मुख्य सरगना के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है.
क्या कहते हैं सुरक्षा प्रभारी
इस संबंध में सीसीएल सुरक्षा विभाग के प्रभारी नकुल नायक ने बताया कि बीती रात लगभग 11 बजे कोयला चोरों का गिरोह सीपी साइडिंग के समक्ष पहुंचा. इनलोगों ने सुरक्षा प्रहरियों के साथ गाली-गलौज की. इसकी सूचना सीसीएल पेट्रोलिंग पार्टी और मुफस्सिल थाना को दी गयी. सूचना पर जब गश्ती दल उक्त स्थल पर पहुंची, तो कोयला चोर भाग गये. श्री नायक ने बताया कि कोयला चोरी के खिलाफ मुफस्सिल थाना पुलिस के सहयोग से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. कोयला चोरों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है. कोयला लदी बाइकों को जब्त किया जा रहा है.
