Giriidh News :सकल हिंदू समाज ने किया सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन
Giriidh News :सकल हिंदू समाज ने रविवार को शहर के सीएच ग्राउंड में सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने सहभागिता की और सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता का संदेश दिया.
By PRADEEP KUMAR | Updated at :
कार्यक्रम का माहौल धार्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा. सम्मेलन में मुख्य वक्ता क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर उपस्थित रहे. वहीं शांति भवन मकतपुर की गुरु मां की भी विशेष उपस्थिति रही. मंच संचालन स्वाति सिन्हा एवं बीरेंद्र ने किया गया. कार्यक्रम के दौरान गीता पाठ, प्रश्नोत्तरी, हनुमान चालीसा पाठ के साथ-साथ आकर्षक भाव-नृत्य की प्रस्तुतियां दी गयी. नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया. प्रस्तुतियों के माध्यम से सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत रूप दिया गया.
एकता ही शक्ति और राष्ट्र निर्माण का आधार है
मुख्य वक्ता अनिल ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के हिंदू सम्मेलनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, हिंदू समाज को संगठित करना और संगठन ही शक्ति है का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित कर रहा है. सम्मेलन में जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर जाति और वर्ग से ऊपर उठकर एक साझा हिंदू पहचान को मजबूत करने का आह्वान किया गया. साथ ही युवाओं को सनातन मूल्यों, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि जब-जब हिंदू समाज एकजुट होता है, तब-तब इतिहास बदलता है. एकता ही शक्ति है और यही शक्ति राष्ट्र निर्माण का आधार है. कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश रंजन सिंह, निरंजन, सोनू गुप्ता, मनीष बरनवाल, सुजीत भदानी, विजय गोप, आयुष, पंकज तर्वे, दीपक डंगाइच, अमित कुमार, शिव गौरव पांडेय, प्रेमचंद बरनवाल, मनीष गुप्ता, राजीव कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, संतोष गुप्ता आदि सक्रिय रहे.