गिरिडीह से राकेश सिन्हा की रिपोर्ट
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांवा-तिसरी मुख्य पथ पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. जानकारी के अनुसार, हादसा केंवटाटांड पुल के पास हुआ. बताया जा रहा है कि एक अज्ञात वाहन ने सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
मृतक की पहचान खटपोक निवासी रामेश्वर यादव के पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सूरज यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
ससुराल जा रहा था युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, सूरज यादव अपनी होंडा शाइन बाइक से अपने ससुराल ककनी जा रहा था. इसी दौरान गांवा से गिरिडीह की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर वाहन काफी तेज गति में था, जिसके कारण बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला.
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने तिसरी-गांवा मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें: पतरातू में स्टेट लेवल इंफ्लुएंसर मीट आयोजित, झारखंड पर्यटन को डिजिटल पहचान दिलाने पर जोर
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस जाम स्थल पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है.
इसे भी पढ़ें: चतरा में कलियुगी बेटे ने पिता की कर दी हत्या, कान्हाचट्टी के गांव में फैली सनसनी
