Giridih News : प्रतिनिधि, बिरनी. बगोदर सरिया के एसडीपीओ धनंजय राम के निर्देश पर मंगलवार को दलांगी लेवरा में सरिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सीओ संदीप मधेशिया, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज, लालचंद महतो व देवानंद कुमार ने दोनों समुदाय के प्रबुद्ध लोगों के साथ निर्धारित रूट का निरीक्षण करते हुए सद्भावना मार्च निकाला. सद्भावना मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स, आईआरबी, होमगार्ड के जवान व चौकीदार शामिल हुए.
समुदायों में बनी सहमति पर अमल को ले प्रशासन सजग:
विदित हो कि प्रखंड के लेवरा दलांगी में रामनवमी झंडा जुलूस सर्वे रास्ते से ले जाने को लेकर उत्पन्न विवाद को डीसी रामनिवास यादव एवं एसपी डॉ बिमल कुमार ने सामुदायिक समन्वय से निष्पादित करा दिया है. दोनों समुदायों में सहमति बनने के बाद नये रूट को निर्धारित करते हुए दोनों समुदाय ने प्रशासन को लिखित रूप से सहमति प्रदान कर दी है. करार का अनुपालन कराने व शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर प्रशासन सख़्त हो गया है. मंगलवार को सद्भावना मार्च के दौरान पुलिस वाहनों से बजते सायरन व ड्रोन कैमरे ने ग्रामीणों में कौतूहल से भर दिया.
शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील :
लोग बताते हैं कि एक समय दोनों समुदाय आपस में मिलकर त्योहार मनाते थे. इसमें एक चौकीदार तक की जरूरत नहीं थी, पर आज वे पुलिस प्रशासन के साये में त्योहार मनाने को मजबूर हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि रामनवमी झंडा जुलूस चिह्नित रूट से निकाला जायेगा. रूट का निरीक्षण करते हुए लोगों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की गयी. कहा कि दोनों समुदाय के लोग एक दूसरे का सम्मान करें, क्योंकि गांव में रहना उन्हीं को है. मौके पर एएसआई मृत्युंजय सिंह, अशोक राम गुप्ता, बहादुर यादव, कलीमुद्दीन अंसारी, रियाज अंसारी समेत काफी संख्या में दोनों समुदाय के लोग शामिल थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.