Giridih News :जेल से रिहा हुए अपराधियों पर रखें विशेष नजर : एसपी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को एसपी डॉ विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी हुई. इसमें जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना, ओपी प्रभारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान पिछले माह में प्रतिवेदित सभी कांडों की समीक्षा की गयी तथा उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिये गये.

इसके अलावा पिछले तीन माह में घटित गंभीर श्रेणी के आपराधिक मामलों की भी समीक्षा हुई. महिलाओं से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एसपी ने पिछले माह में जेल से रिहा हुए अपराधियों के साथ-साथ आर्म्स एक्ट व संपत्ति मूलक अपराधों में शामिल आरोपितों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही. आदतन अपराधियों के विरुद्ध सीसीए के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव देने पर जोर दिया. एसपी ने कहा कि लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का शीघ्र निष्पादन तथा पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटायें.

नियमित रूप से चलायें एंटी क्राइम अभियान

नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग व रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया. सरस्वती पूजा को देखते हुए सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक तैयारी पूरी करने की बात कही. पिछले माह में महत्वपूर्ण कांडों के उद्भेदन व उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया. बैठक में एएसपी (अभिया) सुरजीत कुमार, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी टू कौसर अली, बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, साइबर डीएसपी आबिद खान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

मुफस्सिल थाना प्रभारी व उनकी टीम को किया गया सम्मानित

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी बस्ती गोलीकांड का महज 12 घंटे में उद्भेदन करने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो व उनकी टीम को एसपी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. बताया गया कि दो दिसंबर को झगरी बस्ती में हुई फायरिंग की घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसआइटी गठित की गयी थी. टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी जाकिर अंसारी उर्फ जग्गू समेत उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, दो खोखा, चार मोबाइल फोन तथा एक बाइक बरामद की थी. एसपी ने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं. उन्होंने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >