सावन की दूसरी सोमवारी पर जिले भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही शिवभक्तों का तांता मंदिरों में लगा रहा और पूरा वातावरण बोल बम तथा हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
प्रमुख शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. दुखहरण नाथ मंदिर, विश्वनाथ मंदिर, महावीर मंदिर, झारखंड धाम, बगोदर स्थित हरिहर धाम तथा बनियाडीह शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. श्रद्धालु जल और बेलपत्र लेकर सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे.
पिछली सोमवारी की तुलना में बढ़ी संख्या
स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार दूसरी सोमवारी पर पिछली सोमवारी की अपेक्षा अधिक श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे. श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये. प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गयी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी.
