इस बाबत बांसमंडी निवासी भुक्तभोगी दुकानदार प्रकाश स्वर्णकार के पिता पुनीत सोनार (पिता डालो सोनार) के आवेदन के आधार पर हीरोडीहो थाने में अज्ञात के खिलाफ कांड दर्ज कर जांच अभियान तेज कर दिया गया है.
दो बाइक से आये थे चार अपराधी
बताया जाता है कि रविवार की रात 9.30 बजे कोदंबरी चौक से वंदना ज्वेलरी दुकान के संचालक प्रकाश स्वर्णकार (पुनीत सोनार) अपनी दुकान बंद कर अपनी स्कूटी से घर जा रहे थे. वहां दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोशों ने उनका पीछा करते हुए एक निजी विद्यालय आनंद पब्लिक स्कूल के निकट पहुंचे. वहां जेवर व्यवसायी को निशाना बनाते हुए लाखों रु के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिये. अपराधियों ने आगे-पीछे कर उसे रोकने का प्रयास किया. संभलते-संभलते धक्का देकर भुक्तभोगी को बाइक से नीचे गिरा दिया. इससे पहले कि व्यवसायी कुछ समझ पाता, अपराधियों ने पिस्तौल तान दी और जेवरों से भरा बैग छीन लिया. भागते समय अपराधियों ने इलाके में अपनी धमक कायम करने के लिए हवाई फायरिंग भी की. इससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गयी.
पुलिस ने छापेमारी की तेज
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी से अपराधियों के हुलिये की जानकारी ली. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जिले के सभी मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गयी है. पुलिस की अलग-अलग टीम संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
उद्भेदन के लिए एसआइटी गठित : एसडीपीओ
खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मामले का बहुत जल्द उद्भेदन कर लिया जायेगा. इसके लिए एसआइटी गठित की गयी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. पांच सदस्यीय एसआइटी जमुआ पुलिस निरीक्षक पीके दास के नेतृत्व में काम कर रही है.
वर्ष 2024 में भी लाखों की हुई थी लूटपाट
वर्ष 2024 में इसी वंदना जेवर दुकान से लाखों रु की लूटपाट हुई थी. आज तक पुलिस इस मामले का उद्भेदन करने में असफल रही है. व्यवसायियों में इससे आक्रोश है. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से शाम के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है.
व्यवसायी से हुई लूटपाट का उद्भेदन करे पुलिस : विधायक
जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण आज विधानसभा क्षेत्र में अपराधी अपना पैर पूरी तरह जमा चुके हैं. उन्होंने कहा कि हीरोडीह थाना क्षेत्र के कोदंबरी चौक पर ज्वेलरी दुकान के संचालक के साथ लूटपाट एवं शटर तोड़कर लाखों की लूट की घटना से पुलिस की निष्क्रियता सामने आ रही है. कहा कि पिछले वर्ष भी इसी दुकान में हुई घटना का उद्भेदन आज तक हीरोडीह पुलिस नहीं कर पायी है. उन्होंने एसपी से अविलंब इस घटना का उद्भेदन करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने और लूटे हुए सामानों की बरामदगी की मांग की है.
