Giridih News :औने-पौने भाव पर धान बेचने को विवश हैं किसान

Giridih News :गावां प्रखंड के पैक्सों में धान खरीदारी नहीं होने से किसान परेशान हैं. प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में पैक्स में धान खरीदारी की स्वीकृति दी गयी है, लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भवन निर्माण का कार्य नहीं होने से इन्हें चालू नहीं किया जा सका है. प्रखंड में कुल चार पैक्स ही सक्रिय हैं.

धान की खरीदारी खरसान, पटना-सेरूआ व मंझने पैक्स के अलावा स्वतंत्र कृषि समूह लालमणी कृषि सहयोग समिति में की जा रही है. धान खरीदारी के बाद राइस मिलों ने उठाव भी किया, लेकिन वर्तमान में राइस मिल धान उठाव बंद कर दिया है. इसके कारण पैक्स गोदाम धान की बोरी से भर गया है. बरामदे में भी धान का ढेर लग गया है. मिल के द्वारा धान का उठाव नहीं किये जाने के कारण पैक्स को सीएमआर (चावल) नहीं मिल पा रहा है. इससे इंट्री भी बंद हो गयी है. बताया जा रहा है कि इंट्री मशीन की एक निश्चित क्षमता होती है जो सीएमआर नहीं मिलने की स्थिति में बंद हो जाता है. विश्वस्त सूत्रों की मानें तो राइस मिल में बिचौलियों के द्वारा क्षेत्र से खरीदा गया धान भी लिया जा रहा है. मिल के संचालक पैक्स के धान से अधिक प्राथमिकता बिचौलियों के द्वारा धान खरीदने में दिखाते हैं. खरसान पैक्स के अध्यक्ष नंदलाल प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने पैक्स के पास धान जमा किया है, जिससे गोदाम पूरी तरह भर चुका है. राइस मिल उठाव नहीं किये जाने के कारण परेशानी हो रही है.

बर्बाद हो रहा धान

सबसे अधिक परेशान किसान हैं. पिहरा के किसान राजकुमार सिंह, आनंदी यादव, खरसान के हरिद्वार साव, माल्डा के राजेंद्र पांडेय, गावां के अविनाश सिंह, सेरूआ के अंकज सिंह आदि ने कहा कि यदि समय पर धान नहीं लिया गया, तो धान बर्बाद भी हो सकता है. पैक्स धान नहीं लिये जाने के कारण किसान औने-पौने भाव में स्थानीय बिचौलियों के पास धान बेचने को विवश हैं.

क्या कहते हैं एमओ

मामले में एमओ प्रदीप राम ने कहा कि राइस मिल धीमी गति से धान उठाव करने से यह समस्या हुई है. राइस मिल संचालक से मिलकर चर्चा करते हुए शीघ्र उठाव के लिए निर्देशित भी किया गया है. सीएमआर नहीं होने के कारण मशीन बंद है. मशीन शीघ्र ही व्यवस्था दुरुस्त हो जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >