देवरी थाना क्षेत्र के असको पंचायत में सोमवार दोपहर करंट लगने से किसान बिगन महथा (65) की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार बिगन महथा दोपहर करीब 12 बजे मूंग की फसल काटने के लिए खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान खेत के पास ट्रांसफॉर्मर के पास झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आ गये. करंट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के पास बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा था और खेत तक पहुंच गया था. इसकी जानकारी ऊर्जा विभाग को देने के बावजूद तार को दुरुस्त नहीं कराया गया.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण किसान की जान चली गयी. उन्होंने बिजली तारों की तत्काल मरम्मत कराने और जर्जर व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किसान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने पर देवरी की पूर्व प्रमुख सुमित्रा देवी, कांग्रेस नेता अनिल चौधरी, मुखिया लक्ष्मी देवी, भाजपा नेता नकुल महथा और समाजसेवी रामदेव महथा घटनास्थल पहुंचे.
उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी. इधर, सूचना मिलने पर थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और एएसआई उपेंद्र यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
