टोल वसूली की बंदोबस्ती के लिए मो सदाब आफताब, विक्रम कुमार सिंह व साकिर अली ने आवेदन दिया था. हालांकि, बंदोबस्ती में साकिर अली अनुपस्थित रहे. अधिकारियों की उपस्थिति में दो लोगों ने बोली लगायी. मो सदाब आफताब ने अधिकतम 31.76 लाख की बोली लगाकर बंदोबस्ती हासिल की. दूसरे नंबर पर रहे विक्रम कुमार सिंह ने 31 लाख 75 हजार 500 रुपये की बोली लगायी. बंदोबस्ती की अवधि एक अप्रैल 26 से 31 मार्च 27 तक है. वसूली स्थल रोटरी आई हॉस्पीटल, झंडा मैदान, संकट मोचन मंदिर, रेलवे स्टेशन तिरंगा चौक व बस स्टैंड के पास निर्धारित की गयी है. बताया गया कि पिछली बार 31 लाख 71 हजार 120 रुपये में बंदोबस्ती हुई थी.
टोल वसूली बंदोबस्ती में कई शर्तें
नगर निगम ने टोल वसूली बंदोबस्ती को लेकर संवेदक के लिए कई शर्तें निर्धारित कर रखी हैं. शर्त के मुताबिक बंदोबस्तधारी के द्वारा निर्धारित स्थल पर ही वसूली की जायेगी. प्रति टेंपो से 15 रुपये प्रतिदिन की दर पर वसूली करेंगे. बंदोबस्तधारी शैक्षणिक संस्थान से जुड़े व प्राइवेट टेंपो अर्थात जो निर्धारित स्टैंड उपयोग नहीं करेंगे, उनसे शुल्क नहीं लेंगे. टेंपो स्टैंड व आसपास के स्थान की नियमित साफ-सफाई स्वयं संवेदक को करानी होगी. कूरा-कचरा पड़े रहने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत जुर्माना वसूल किया जायेगा. टेंपो स्टैंड को ही इलेक्ट्रॉनिक तीन पहिया स्टैंड भी माना जायेगा. मौके पर अर्बन प्लानर मंजूर आलम, जेई अर्जुन महथा, लेखापाल चंदन कुमार, शंभू सिंह, सोनू रजक आदि मौजूद थे.
