Giridh News :बरहमसिया पंचायत के कार्डधारियों को तीन माह से नहीं मिला अनाज, आक्रोश

Giridh News : बिरनी प्रखंड मुख्यालय के बगल में स्थित बरहमसिया पंचायत के कार्डधारियों को पिछले तीन माह से अनाज नहीं मिला है. यहां के डीलर बीरेंद्र वर्मा अनाज वितरण नहीं कर रहे हैं. इससे क्षुब्ध कार्डधारी बुधवार को मुखिया बिशुनदेव वर्मा के नेतृत्व में बकाया अनाज वितरण की मांग को लेकर बिरनी प्रखंड मुख्यालय पहुंचे.

प्रखंड कार्यालय से पहुंचने से पूर्व प्रमुख रामू बैठा की नजर भीड़ पर पड़ी. उन्होंने वाहन रोक लोगों से जानकारी ली. मुखिया बिशुनदेव वर्मा, कार्डधारी सुरेश प्रसाद वर्मा, जागेश्वर वर्मा, शिवकुमार वर्मा, चमेली देवी, कुसमी देवी, मालती देवी, भीखनी देवी, लीलावती देवी, सुनीता देवी, जानकी देवी, सरिता देवी, उर्मिला देवी व गीता देवी ने बताया कि टाटो के डीलर बीरेंद्र वर्मा की दुकान से वह अनाज का उठाव करते हैं. दिसंबर 2025 में अनाज मिला था. जनवरी, फरवरी व मार्च कुल तीन माह का अनाज उन्हें नहीं मिला है. सभी प्रमुख के सामने ही हंगामा करने लगे.

एक सप्ताह में जांच कर वितरण का आश्वासन

कार्डधारियों की शिकायत सुनने के बाद प्रमुख सभी को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे. लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह में जांच कर उन्हें अनाज दिलवाया जायेगा. साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जायेगा.

क्या कहते हैं एमओ

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) बबलू कुमार ने कहा कि टेक्नीकल प्रॉब्लम के कारण कार्डधारियों को अनाज नहीं मिल पाया है. सुधार के लिए जिले में रिपोर्ट भेजी गयी है. सुधार होते ही कार्डधारियों के बीच राशन का वितरण कराया जायेगा. वहीं, डीलर बीरेंद्र वर्मा ने कहा कि जनवरी में कार्डधारियों को अनाज दिया गया है. जिन कार्डधारियों ने समय पर अनाज का उठाव नहीं किया है वैसे लगभग 8-10 कार्डधारियों का अनाज लैप्स हुआ है. फरवरी व मार्च का अनाज उन्हें मिला ही नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >