नाइट गार्ड का मोबाइल और स्टोर की चाबी छीनकर बदमाश फरार हो गये. बदमाशों ने स्टोर में पड़े लोहे के टुकड़े से गार्ड पर हमला कर दिया, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गयी. घायल नाइट गार्ड हजारीबाग जिला के महरू साव (48) के रूप में हुई है. फिलहाल वह रेलवे अस्पताल आसनसोल में इलाजरत है.
सीनियर सेक्शन इंजीनियर पहुंचे थे घटनास्थल
घटना के बाद गार्ड की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने रेलवे प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और पीडब्ल्यूआई स्टोर के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सलीम अहमद मौके पर पहुंचे. घायल गार्ड को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे धनबाद रेफर किया गया. बाद में रेलवे अधिकारियों ने बेहतर इलाज की व्यवस्था करते हुए उन्हें आसनसोल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया. सीनियर सेक्शन इंजीनियर सलीम अहमद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे. वहां नाइट गार्ड घायल अवस्था में पड़ा हुआ था. गार्ड ने बताया कि रात के समय दो युवक चोरी की नीयत से स्टोर में घुसे थे. दोनों अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे. विरोध करने पर उन्होंने गार्ड के साथ मारपीट की और स्टोर की चाबी व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये. उन्होंने बताया कि मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गयी है तथा आवेदन भी दिया गया है.
