गांडेय प्रखंड के कुसुंभा गांव में जुआ अड्डा लगाने से मना करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. घटना को लेकर कुसुंभा निवासी उमेश तुरी ने गांडेय थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जंगल में जुआ अड्डा लगाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार कुसुंभा गांव के समीप जंगल में, जहां ग्रामीण महिलाएं शौच के लिए जाती हैं, वहां गांव के दीया तुरी और प्रवीण तुरी द्वारा कथित रूप से जुआ का अड्डा लगाया गया था. इसकी जानकारी मिलने पर उमेश तुरी दोनों को जुआ खेलने से मना करने के लिए वहां पहुंचा.
विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट
उमेश तुरी का आरोप है कि जुआ खेलने से मना करने पर दीया तुरी और प्रवीण तुरी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि इसी दौरान दीया तुरी ने हाथ में पहने कड़े से उमेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया.
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद उमेश तुरी ने गांडेय थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है.
