Giridih News :अधिकारियों ने लोगों से की सौहार्द के साथ रामनवमी की अपील
Giridih News :देवरी थाना क्षेत्र में रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को शांति व सौहार्द के साथ संपन्न करवाने को लेकर गुरुवार को अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय दिखे. चतरो बाजार में फ्लैग मार्च निकाला गया.
फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहे सीओ श्यामलाल मांझी ने स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की. मार्च खोरोडीह, खसलोडीह, बरवाडीह, रानीडीह, असको, तिवारीडीह, जमडीहा, जरियाबागी, परसाटांड़, पतालडीह, पतरवा, चतरो, पूरनाबथान समेत अन्य गांवों से गुजरा. प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा कमेटी, मंगला जुलूस व अखाड़ा समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी की. बैठक में सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ त्योहार मनायें. अफवाहों से दूर रहें. इस दौरान चतरो बाजार में दुकारदारों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया. अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई करने की भी बात कही. फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, एसआई रिशु सिन्हा, रामपुकार सिंह, उपेंद्र यादव, बुद्धदेव उरांव, जिप सदस्य बिमल कुमार सिंह व जवान मौजूद रहे.
एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
गुरुवार को सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में रामनवमी त्योहार को लेकर ताराटांड़ पुलिस ने फ्लैग मार्च किया. इस दौरान ताराटांड़ पुलिस थाना क्षेत्र के जबरदाहा, फुलची, ताराटांड़ समेत अन्य जगहों पर पहुंचे और लोगों को शांति एवं सद्भाव के माहौल में रामनवमी का त्योहार मनाने का आह्वान किया. इस दौरान एसडीपीओ व ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत कुमार चिरंजीवी ने पुलिस मित्रों को टी शर्ट दी तथा त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिया तथा उनसे पूजा में शांति एवं सद्भाव को लेकर सहयोग करने का आह्वान किया. मौके पर मुखिया लॉरेंस सुनील सोरेन, विपुल चौधरी समेत कई मौजूद थे.
बगोदर में रामनवमी को ले निकला मार्च
रामनवमी को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बगोदर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च बगोदर थाना से शुरू होकर समूचे बगोदर बाजार का भ्रमण करते हुए थाना परिसर में समाप्त हो गया. मार्च में बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, थाना प्रभारी विनय कुमार यादव, सीओ प्रवीण कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे. इसके बाद अन्य गांवों में भी फ्लैग मार्च के जरिये लोगों से पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. इस दौरान बगोदर थाना के अन्य एएसआई और पुलिस कर्मी मौजूद थे.