न्यायालय में बेटे की गवाही से नाराज आरोपियों ने वृद्ध पर किया था हमला, इलाज के दौरान मौत

गिरिडीह में बेटे की गवाही से नाराज आरोपियों ने वृद्ध पिता पर जानलेवा हमला किया, इलाज के दौरान रिम्स में हुई मौत। पुलिस ने दर्ज की हत्या की प्राथमिकी।

न्यायालय में बेटे द्वारा गवाही दिये जाने से नाराज आरोपियों के हमले में गंभीर रूप से घायल 74 वर्षीय मो. इसराफिल अंसारी की रविवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी. पांच अगस्त को नगर थाना क्षेत्र के डॉक्टर लेन कचहरी रोड में उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी. घटना के बाद उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर रिम्स रेफर किया गया था. वृद्ध की मौत के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले को हत्या में परिवर्तित करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

बेटे की गवाही को लेकर किया गया हमला

मृतक पचंबा थाना क्षेत्र के पैसरागढ़ा निवासी थे. पुलिस को दिये गये बयान में इसराफिल अंसारी ने बताया था कि पांच अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे वह डॉक्टर लेन कचहरी रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान भंडराडीह निवासी सलमान खान, उसके पुत्र ओसामा खान और दो अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी.

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के दौरान कहा कि उनके बेटे ने न्यायालय में उनके खिलाफ गवाही देने की हिम्मत कैसे की. इसके बाद सभी ने मिलकर उनकी बेरहमी से पिटाई की.

नकदी और घड़ी छीनने का भी आरोप

इसराफिल अंसारी ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिये गये और हाथ में पहनी करीब 2500 रुपये मूल्य की घड़ी भी छीन ली गयी. उन्होंने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की नीयत से गला दबाने का प्रयास किया.

वाद संख्या 1597/2024 की गवाही बनी वजह

मृतक ने पुलिस को बताया था कि वाद संख्या 1597/2024 में सलमान खान समेत अन्य लोग आरोपी हैं. इसी मामले में उनके बेटे ने गिरिडीह न्यायालय में गवाही दी थी, जिसके कारण आरोपियों ने हमला किया.

नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि वृद्ध की मौत के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >