Giridih News :ट्रक की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, रोड जाम

Giridih News :नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौलाना आजाद चौक में गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रानीडीह भोरणडीहा निवासी 50 वर्षीय चिंतामन दास के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार चिंतामन दास पचंबा थाना क्षेत्र के चैताडीह स्थित अपने किसी रिश्तेदार के घर आया था. गुरुवार की सुबह वह वहां से पैदल अपने घर लौट रहा थे. इसी दौरान मौलाना आजाद चौक के पास सड़क पार करने के क्रम में एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी. इसके कारण धक्का लगते ही चिंतामन की मौत मौके पर ही हो गयी. लोगों का कहना था कि मौलाना आजाद चौक पर तेज रफ्तार से वाहनों की आवाजाही होती है. इससे प्राय: दुर्घटना घटती है. सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी. चिंतामन की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव रानीडीह भोरणडीहा में मातमी सन्नाटा पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

लोगों ने किया रोड जाम

पुलिस के शव को लेकर जाने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौलाना आजाद चौक को चारों ओर से जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि इस सड़क से भारी वाहनों, विशेषकर ट्रके काफी तेज रफ्तार से गुजरते हैं. इसके कारण पूर्व में भी कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकीं हैं और लोगों की जान जा चुकी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह इलाका घनी आबादी वाला क्षेत्र है. यहां दिनभर राहगीरों और छोटे वाहनों की आवाजाही होती है. लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग से बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग प्रशासन ने अभी तक पूरी नहीं की है. इसी लापरवाही का नतीजा है कि लगातार हादसे हो रहे हैं. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुन: नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने उचित कार्रवाई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हुआ.

ट्रक को जब्त कर लिया गया है : थाना प्रभारी

मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. बताया की ट्रक को मौके से ही जब्त कर लिया गया है. ही ड्राइवर और खलासी से पूछताछ की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >