मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत चल रही गावां-गिरिडीह बस में छात्राओं से बदसलूकी का मामला सामने आया है. हालांकि, अभी तक तिसरी थाना में आवेदन नहीं दिया गया है. बताया जाता है कि बुधवार को तिसरी से गिरिडीह सेमेस्टर चार की परीक्षा देने तिसरी की कुछ छात्रा उक्त बस पर सवार होकर गिरिडीह जा रही थी. कंडक्टर ने छात्राओं से भाड़े की मांग की, तो छात्राओं ने कहा कि उनसे भाड़ा वसूलने का प्रावधान नहीं है. इसी बात पर कंडक्टर भड़क गया. उसने छात्राओं से बहस और मारपीट भी की. छात्राओं का कहना है कि उनक साथ बदसलूकी भी की गयी. कहा सरकार की योजना का लाभ देने के बदले उनकी पिटाई की गयी. यह उनके साथ अन्याय है. संबंधित अधिकारी पहल कर उन्हें न्याय दिलायें. परीक्षा से पहले पिटाई व बदसलूकी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गयीं. इधर, अभिभावकों ने भी पूरी घटना की निंदी की है. कहा कि जल्द आरोपित कंडक्टर पर कठोर कार्रवाई की जाये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
