सोमवार दिन को गयी थी बुढ़ई मेला घूमने, दूसरे दिन सुबह लौटी
दो दिनों से मेला में जाने की कह रही थी बात
मामला बेंगाबाद प्रखंड की ताराजोरी पंचायत का
बेंगाबाद : मेला घूमने सोमवार को घर से निकली एक 16 वर्षीय लड़की मंगलवार की सुबह घर पहुंची, फिर कुछ देर बाद उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पर एसडीपीओ कुमार गौरव, बेंगाबाद थाना प्रभारी प्रशांत कुमार दलबल के साथ पहुंचे और परिजनों से पूछताछ के बाद शव काे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मामला बेंगाबाद प्रखंड की ताराजोरी पंचायत के एक गांव का है. मृतका की छोटी बहन ने बताया कि उसकी बहन दो दिनों से देवघर के बुढ़ई में लगने वाले दो दिवसीय बुढ़ेश्वरी मेला में जाने की बात कह रही थी. पिता और भाई दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करते हैं.
मां और बहनें घर पर रहती हैं. परिजन उसे मेला जाने से मना कर रहे थे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और सोमवार की सुबह 10 बजे बिना किसी को बताये मेला के लिए रवाना हो गयी. मेला किसके साथ गयी इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हैं. इधर, सोमवार की देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर उससे संपर्क साधा गया. दो-तीन बार मोबाइल में रिंग भी हुआ, लेकिन उसकी बहन ने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया.
कमरे में दुपट्टे से लटकी मिली लाश : परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह पांच बजे वह घर लौटी. घर लौटने के बाद उसकी छोटी बहन ने रात में घर नहीं आने का कारण पूछा. कारण नहीं बताने पर छोटी बहन ने कहा कि वह बेंगाबाद में रहनेवाली अपनी एक रिश्तेदार को बुलाकर लाती है. इसके बाद छोटी बहन बेंगाबाद स्थित रिश्तेदार के घर के लिए निकल गयी.
थोड़ी देर बाद जब वह घर लौटी तो उसकी बहन दुपट्टे का फंदा बनाकर छत की मुंडेर पर लटकी मिली. बाद में दुपट्टा को काटकर नाबालिग को नीचे उतारा गया. इस बीच उसकी मौसी व आस-पास के लोग वहां पहुंचे. हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
