गिरिडीह: सीसीएल डीएवी में बुधवार को वार्षिक उत्तरदायित्व बोध समारोह का आयोजन किया गया. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी अपूर्व कुमार राय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में फोरमैन दिलीप पासवान उपस्थित थे. सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत किया गया.
तत्पश्चात विद्यालय के लगभग 170 बच्चों को अनुशासन, साहित्य, संगीत, कला, सांस्कृतिक, खेल व वर्ग को लेकर प्रधान व उप प्रधान का पदभार सौंपा गया.
बारहवीं कक्षा के विकास ठाकुर को प्रधान छात्र व अंकिता सहाय को प्रधान छात्र का बैज देकर सम्मानित किया गया. वहीं ग्यारहवीं कक्षा के रणधीर सिंह को उप प्रधान छात्र व इशिका सिंह को उप प्रधान छात्र का बैज देकर सम्मानित किया गया. श्री राय ने कहा कि बच्चे अनुशासन में रह कर पढ़ाई करें और जिला का नाम रोशन करें. श्री राय ने शिक्षकों के समर्पित सेवाभाव की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की. विद्यालय के विकास में सीसीएल द्वारा निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा.
अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य भैया अभिनव कुमार ने कहा कि बच्चों को विशिष्ट उत्तरदायित्व बोध कराने के लिए बैज दिया जाता है. ताकि उनमें शिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद, सामाजिक जीवन, नेतृत्व क्षमता, सहभागिता, सामंजस्य, उत्तरदायित्व बोध और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके. उप प्राचार्य एचजी तिवारी ने बैजधारियों को बधाई दी और अतिथियों के प्रति आभार भी प्रकट किया. कार्यक्रम के संचालन में खेल शिक्षक सपन बनर्जी, शबनम रवानी और के साहा की भूमिका सराहनीय रही.
