जमुआ : चौक-चौराहे से बाइक का चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी खोरीमहुआ एसडीपीओ राजीव कुमार ने जमुआ थाना में शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर दी. कहा कि गुरुवार को देवरी निवासी सुनील पांडेय ने हीरो होंडा पैशन बाइक (संख्या जेएच 10 जे 3665 ) की चोरी हो जाने की सूचना तिसरी पुलिस को दी था.
भुक्तभोगी ने पुलिस को यह भी बताया था कि उसकी बाइक तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी में एक मोटरसाइकिल गैराज में खड़ी है. इसके बाद बाइक चोर गिरोह के उद्भेदन के लिये तिसरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गयी.
छापेमारी के क्रम में थाना प्रभारी लक्ष्मेश्वर चौधरी ने एएसआइ आमोद कृष्ण झा और पुलिस बल के साथ उक्त गैराज में छापेमारी कर बाइक और गैराज संचालक नसीम मियां को धर दबोचा. इसके बाद नसीम मियां की निशानदेही पर इस धंधे में सहयोगी रहे सुजीत कुमार साव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इस धंधे में शामिल अन्य अपराधियों की धर-पकड़ के लिये पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है. फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों को गिरिडीह जेल भेज दिया गया.
