गिरिडीह : डीसी दीप्रवा लकड़ा ने शनिवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के कामकाज की समीक्षा की. इस दौरान डीसी ने संस्थागत प्रसव व प्रसव पूर्व जांच की समीक्षा की. साथ ही परिवार नियोजन के तहत चलाये गये कार्यक्रमों का भी हाल जाना. डीसी ने चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिया कि सरकारी नियम के अनुसार आवंटित राशि को खर्च करें. समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए डीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र को बेहतर ढंग से चलाने का निर्देश समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया.
उन्होंने कहा कि नियत समय पर आंगनबाड़ी खोलने की व्यवस्था उन्हें ही करनी होगी. डीसी ने महिला पर्यवेक्षिका को अपने-अपने मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया. साथ ही प्रत्येक माह की दो तारीख तक पोषाहार का वाउचर कार्यालय में प्रस्तुत करने की बात कही. डीसी ने डीएसडब्ल्यूओ, सीडीपीओ व महिला पर्यवेक्षिका को प्रत्येक दिन आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण करने का भी आदेश दिया गया. बैठक में डीडीसी दिनेश प्रसाद, सिविल सजर्न डॉ एस सन्याल, डीएसइ महमूद आलम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मो. इस्लामुल हक समेत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भी मौजूद थे.
