गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पपरवाटांड़ में सोमवार को रास्ता घेरने के सवाल पर मारपीट हो गयी. इसमें झामुमो नेता हरगौरी साहू छक्कू के भाई दीपक कुमार घायल हो गये. इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. श्री साहू ने बताया कि रास्ता घेरने के सवाल पर राजेश विश्वकर्मा, विकास विश्वकर्मा एवं रामदास विश्वकर्मा ने मेरे भाई दीपक के साथ मारपीट की है. आरोपितों ने तलवार और कुदाल से हमला कर दीपक को घायल कर दिया है.
परवाटांड़ हॉस्पिटल के बगल में आरोपितों ने अपना घर बनाया है. उनके घर के बगल में दीपक ने भी अधूरा दीवार खड़ा किया है. सोमवार को राजेश विश्वकर्मा, विकास विश्वकर्मा एवं रामदास विश्वकर्मा द्वारा रास्ते को घेरा जा रहा था. इसी का दीपक ने विरोध किया. विरोध करने पर तीनों आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की. पीड़ित द्वारा इस मामले में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मुफस्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि दीपक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में राजेश विश्वकर्मा एवं विकास विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
