जमुआ : जमुआ प्रखंड अंतर्गत शहरपुरा उमवि के ग्राशिस अध्यक्ष के खिलाफ समिति के उपाध्यक्ष समेत सात अन्य सदस्यों ने अपना मोरचा खोल दिया है. जिला शिक्षा अधीक्षक को भेजे पत्र में सदस्यों ने विद्यालय विकास मद की राशि व विद्यालय के कमरों के निर्माण में मनमानी करने का आरोप लगाया है.
कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय में दो अतिरिक्त कमरा निर्माण करने की स्वीकृति दी गयी थी, जिसकी जिम्मेवारी ग्राशिस अध्यक्ष के जिम्मे था. घटिया किस्म की सामग्री के प्रयोग किये जाने के कारण 15 दिनों के अंदर छत से पानी का रिसाव शुरू हो गया और कमरे का फर्श भी टूटने लगा है. ग्राम शिक्षा समिति के सदस्य भरत महतो, कलवा देवी, प्रकाश महतो, गणोश प्रसाद वर्मा, मालती देवी, विनोद कुमार वर्मा, परमेश्वरी महतो आदि ने समिति को भंग कर नये सिरे से समिति का गठन करने की मांग की है.
