गिरिडीह : नगर निगम चुनाव में डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस प्रत्याशी इश्तियाक उर्फ मो लालो के खिलाफ एक महिला ने मुफस्सिल थाना में शुक्रवार की देर रात धोखाधड़ी व छेड़खानी की प्राथमिकी दर्ज करायी है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करहरबारी के नावाटांड़ निवासी महिला ने आवेदन में कहा है कि इश्तियाक ने धोखा व धमकी देकर उसके पति व ससुरालवालों से 6 एकड़ जमीन रजिस्ट्री करा ली. रजिस्ट्री के समय लालो ने उसके पति को 50 हजार रुपया का चेक दिया (एचडीएफसी बैंक का चेक) था. कहा था कि बाद में वह नगद रुपया देकर चेक वापस ले लेगा. लेकिन उसने पैसे नहीं दिये.
पैसे की चिंता में पति को लकवा मार गया : महिला ने कहा कि पैसा नहीं मिलने से उसके पति परेशान थे. वह कई बार रुपये मांगने गये लेकिन लालो रुपये देने की जगह झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर चेक वापस मांगने लगा. इसी चिंता से उसके पति बीमार हो गये और उन्हें लकवा मार दिया. जब वह पति के इलाज के लिये रुपये मांगने लालो के पास गयी तो वह भड़क गया. उसे व उसके पति को जेल भिजवाने की धमकी दी. महिला का आरोप है कि इस दौरान लालो ने उसके साथ छेड़खानी भी की. किसी तरह वह भागी खड़ी हुई. महिला का कहना है कि लालो उसके पूरे परिवार की हत्या करा सकता है.
प्राथमिकी दर्ज, हो रही है जांच : थाना प्रभारी : मुफस्सिल थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि महिला के आवेदन पर इश्तियाक उर्फ लालो के खिलाफ कांड संख्या 117/18, धारा 420, 354, 504, 506 भादवि एवं 138 एनआई एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अनुसंधान का जिम्मा सअनि श्रवण कुमार सिंह को सौंपा गया है.
झामुमो के इशारे पर हुआ झूठा मुकदमा : इश्तियाक
कांग्रेस के डिप्टी मेयर प्रत्याशी इश्तियाक उर्फ लालो ने कहा कि आरोप पूरी तरह झूठा है. झामुमो के इशारे पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जिस महिला ने आरोप लगाया है उसके पति व रिश्तेदारों ने ही उनके साथ धोखाधड़ी की है. उनसे जमीन का एग्रीमेंट कर जमीन किसी दूसरे को बेच दिया गया था. इस मामले को लेकर उसने नगर थाना में महिला के पति व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. बाद में बैठक हुई जिसमें चेक का विवाद समाप्त हो गया. अब नगर निगम चुनाव में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देख झामुमो के इशारे पर झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है.
गिरफ्तारी की मांग हुई तेज
जिला परिषद के उपाध्यक्ष सह भाजपा अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कामेश्वर पासवान ने कहा कि आपराधिक छवि के व्यक्ति को टिकट देकर कांग्रेस ने साबित कर दिया कि वह किस तरह से अपराधियों को संरक्षण देती है. कहा कि जो प्राथमिकी इश्तियाक पर दर्ज की गयी है उसे पुलिस गंभीरता से ले और आरोपी लालो को गिरफ्तार करे. झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने भी लालो को गिरफ्तार करने की मांग की है. कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजें.
