गिरिडीह : राज्य के चिकित्सा, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि पलामू के लोइंगा आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित टीकाकरण से हुई चार बच्चों की मौत मामले पर सरकार संवेदनशील है. बच्चों को जिस सीरिंज से इंजेक्शन दिया गया, उस सीरिंज व दवा के सैंपल की जांच कोलकाता व हिमाचल प्रदेश में करायी जायेगी. जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.
स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को गिरिडीह के बीबीसी रोड स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मौत का पता चल पायेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में राशि की कहीं कोई कमी नहीं है. गिरिडीह जिले को एक करोड़ रुपये दिये गये हैं. असाध्य रोगियों को सहायता दी जा रही है. राज्य में पांच मेडिकल कॉलेज खोले गये हैं.
सात लाख मच्छरदानी का वितरण किया गया है. दो वर्षों में राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर कर ली जायेगी. सरकार 57 लाख परिवारों की स्वास्थ्य बीमा करायेगी. पूरे राज्य में 108 एंबुलेंस का वितरण किया गया है. गिरिडीह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है. मौके पर भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह, मेयर पद के प्रत्याशी सुनील कुमार पासवान, डिप्टी मेयर के प्रत्याशी प्रकाश राम, लोजपा नेता राजकुमार राज आदि थे.
