बेंगाबाद/चपुआडीह : गिरिडीह में पदस्थापित होने के बाद बुधवार को उपायुक्त मनोज कुमार ने पहली बार प्रखंड का रुख किया. बारी थी बेंगाबाद प्रखंड की. प्रशासनिक कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष हस्तक्षेप के लिए विकास योजनाओं व कार्यक्रमों के स्टेटस से अवगत होकर जरूरी रणनीति और योजना बनाने के लिए इस दौरा को अहम बताया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने प्रखंड परिसर स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मियों को कई दिशा निर्देश दिये.
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त श्री कुमार ने प्रखंड कार्यालय में बीडीओ, सीओ, सीडीपीओ के साथ एक बैठक कर कई आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की व विकास योजनाओं की अद्यतन जानकारी ली.
बांटी ट्राइसाइकिल : प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उपायुक्त सीधे बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंचे. उपायुक्त ने 10 दिव्यांगों के बीच ट्राइसाइकिल और पांच के बीच ह्वील चेयर का वितरण किया. बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विमला देवी से क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के बारे में विस्तार से जानकारी ली. आबा केंद्र के नियमित खुलने और लाभुकों के हित का ध्यान रखने की हिदायत दी.
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी को निर्देश : निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां पर ओपीडी में मरीजों की जांच व इलाज में लगे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संतोष कुमार से उन्होंने वार्ता की. इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधा के बारे में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से जानकारी ली. दवा के स्टॉक व एंटी रेबिज सूई आदि की स्थिति से भी अवगत हुए. डीसी श्री कुमार ने निरीक्षण के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी के अलावे लेबर रूम, ऑपरेशन कक्ष, भर्ती कक्ष का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से अस्पताल परिसर को नियमित साफ सफाई कराने का निर्देश दिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अपूर्ण रहने का मामला सामने आया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को हैंड ओवर नहीं किया गया है. मामले को ले उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल के अभियंता से बात कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
इनकी थी मौजूदगी : मौके पर बीडीओ कुमार अभिषेक सिंह, सीओ शंभु राम, सीडीपीओ विमला देवी, एम ओ अरुण कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा संतोष कुमार, बीआरपी सुधीर कुमार, मनोज कुमार, बीपीओ सुरेन्द्र प्रसाद वर्णवाल, मेरी प्रियंका मरांडी, जीवन तुरी, कंप्यूटर ऑपरेटर अरविन्द कुमार, सांसद प्रतिनिधि शिवपूजन राम, राजेश शर्मा, रामलाल राम, कल्पना कुमारी आदि मौजूद थे.
योजनाएं दिखीं कारगर : बैठक के उपरांत उपायुक्त ने मनरेगा योजना के तहत बनाये जा रहे सिंचाई कूप समेत दर्जनों लाभुकों के शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, मुर्गी शेड का भी जायजा लिया. उपायुक्त ने कहा कि यहां के शौचालय का उपयोग होता देख अच्छा लगता है. कहा कि लोग डोभा में मछली पालन करें और आर्थिक रूप से मजबूत बनें.
इस दौरान उपायुक्त ने चपुआडीह मेन रोड से हाई स्कूल तक पीसीसी पथ का उद्घाटन भी किया. मौके पर बीडीओ कुमार अभिषेक सिंह, सीओ शंभु राम, मुखिया मो शमीम, बीपीओ सुरेंद्र कुमार वर्णवाल, प्रियंका मरांडी, एइ नवल किशोर हांसदा, कनीय अभियंता सपन मुर्मू, रोजगार सेवक अशोक साव, पंचायत सेवक मौ तैयब, मो शाहिद, पंसस अजोदी देवी, श्यामलाल हेंब्रम, संदीप गुप्ता, सेविका भारती देवी,
उपायुक्त मनोज कुमार ने कहा कि यह प्रखंड क्षेत्र का पहला दौरा है. यहां पर संचालित विद्यालय, जनवितरण प्रणाली, बाल विकास विभाग, प्रधानमंत्री आवास, पंचायत सचिवालय, ऑन लाइन म्यूटेशन सहित अन्य कार्य एजेंसियों के कार्य को देखा जायेगा. सरकार सर्विस दे रही है तो इसका लाभ आम जनता को मिल रहा है या नहीं इसका भी पता किया जा रहा है. बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा के बाद आवश्यक रणनीति बनायी जायेगी.
चपुआडीह मुखिया की पीठ थपथपायी
उपायुक्त मनोज कुमार बुधवार को चपुआडीह पंचायत पहुंचे और पंचायत में संचालित विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारी व मुखिया को कई निर्देश भी दिये. इसके पूर्व उपायुक्त ने चपुआडीह पंचायत सचिवालय में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक कर पंचायत में संचालित विकास योजनाओं के बारे में जानकारी ली. लाभुकों को लाभान्वित करने के लिए डीसी ने विकास योजनाओं में पारदर्शिता की अहमियत बतायी. पंचायत सचिवालय को उन्होंने फंक्शनल बताया. बहुत कम ही पंचायत सचिवालय मिलते हैं जो नियमित खुलते हैं और जहां से पंचायत का काम काम संचालित होता है. इसके लिए उन्होंने पंचायत के मुखिया मो शमीम की पीठ भी थपथपायी. मौके पर जल संकट पर उपायुक्त ने कहा कि बेंगाबाद प्रखंड ओडीएफ है. यहां की हर पंचायत में पाइपलाइन की व्यवस्था की जायेगी.
