गालूडीह : राज्य भर के सरकारी स्कूलों की गर्मी छुट्टी 12 मई से होने की घोषणा पूर्व में ही कर दी गयी थी.बाद में झारखंड शिक्षा परियोजना ने नामांकन अभियान 2014 चलाने का फैसला लिया. इसके कारण गर्मी छुट्टी की अवधि बढ़ा कर 19 मई कर दी गयी.
पूर्व घोषणा के मुताबिक आज यानी 12 मई से गर्मी छुट्टी होने वाली थी. इसके कारण सोमवार को घाटशिला प्रखंड के कुल 150 प्राथमिक और मध्य विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति काफी कम पायी गयी. बीइइओ मुरारी शाही समेत कई बीआरसी कर्मियों ने जब सोमवार को कई स्कूलों का दौरा किया, तो शिक्षक मिले, परंतु बच्चों की उपस्थिति कम पायी गयी. शिक्षकों, अभिभावकों, ग्राशिस और बीआरसी कर्मियों का मानना भी है इस बढ़ रही प्रचंड गर्मी में नामांकन अभियान बुरी तरह प्रभावित होगा.
नामांकन समाप्त हो गया, तो अभियान
सभी सरकारी प्रावि और मवि की वार्षिक परीक्षा मार्च में समाप्त हो जाती है. प्रथम अप्रैल से नामांकन शुरू हो जाता है. गर्मी छुट्टी के पूर्व नामांकन समाप्त हो जाता है.
जब सब कुछ हो गया तो फिर नामांकन अभियान चलाने के औचित्य पर सवाल उठाया जा रहा है. अगर अभियान चलाना ही था तो अप्रैल का समय उचित था. परंतु रांची और दिल्ली में एसी रूम में बैठने वालों का जमीन हकीकत से कभी वास्ता नहीं रहा है. यही कारण है कि नीति सही से कभी बनती नहीं. अभियान के नाम पर एक बार फिर सरकारी धन का बदरबांट होगा.
