मझिआंव,गढ़वा: रविवार को बरडीहा बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह पैदल जतरो बंजारी गांव पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान कच्ची सड़क, जल-जमाव और नहर की समस्या सामने आयी. बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये.
बच्चों से बातचीत में सामने आयी अनाथ बच्ची की समस्या
गांव में भ्रमण के दौरान बीडीओ बच्चों से उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ले रहे थे. इसी दौरान एक अनाथ बच्ची के स्कूल नहीं जाने की जानकारी मिली. ग्रामीणों ने बताया कि पिता की मौत के बाद परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. इसके कारण बच्ची की पढ़ाई छूट गयी है.
बीडीओ ने मुखिया और पंचायत सचिव को आवश्यक कागजात दुरुस्त कर बच्ची का तत्काल स्कूल में नामांकन कराने का निर्देश दिया. बच्ची की मां को विधवा सम्मान पेंशन नहीं मिलने की जानकारी पर उन्होंने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा.
यह भी पढ़ें : Garhwa News: खाद की कालाबाजारी के खिलाफ भाकपा का आंदोलन तेज, 1 सितंबर को SDO और 2 को DC से मिलेंगे नेता
नहर के पानी से होकर स्कूल जाते हैं बच्चे
भ्रमण के दौरान बीडीओ को जानकारी मिली कि बच्चों को नहर के पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है. उन्होंने नहर पर पुलिया निर्माण के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया. कच्ची सड़क और जल-जमाव की समस्या को देखते हुए सड़क निर्माण की योजना को आगामी ग्राम सभा में प्राथमिकता से शामिल करने को कहा.
एक वृद्ध ग्रामीण ने आवास नहीं मिलने की शिकायत की. इस पर बीडीओ ने प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. उन्होंने एक माह के भीतर वृद्धा पेंशन स्वीकृत कराने का भी आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें : झारखंड: महिला को डायन बताकर खौलता पानी फेंका, छह आरोपी गिरफ्तार
बोले : जमीन पर पहुंचने से समस्या की सही तस्वीर मिलती है
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि कार्यालय में बैठकर योजनाओं की समीक्षा करने के साथ जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना भी जरूरी है. लोगों के बीच जाने से समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए त्वरित पहल की जा सकती है.
उन्होंने पंचायत कर्मियों को सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया.
