श्री बंशीधर नगर,गढ़वा: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी गढ़वा जिला कमिटी की बैठक रविवार को दक्षिण मुहल्ला स्थित गोपाल प्रसाद के आवास पर नौरंगी पाल की अध्यक्षता में हुई. बैठक में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया. जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पार्टी प्रतिनिधिमंडल एक सितंबर को अनुमंडल पदाधिकारी और दो सितंबर को उपायुक्त से मिलेगा.
बैठक में पार्टी के जनसंगठनों का निर्माण कर उनके विस्तार पर भी चर्चा हुई. नेताओं ने कहा कि पिछले छह माह से लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिल रही है. इसके अलावा चौपाल, नदियों के अतिक्रमण, पटरी पर चलने वालों के अधिकार, जल, जंगल और जमीन पर झारखंडवासियों के अधिकार तथा खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ जन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
यह भी पढ़ें : झारखंड: महिला को डायन बताकर खौलता पानी फेंका, छह आरोपी गिरफ्तार
खाद की कालाबाजारी पर जतायी चिंता
पार्टी नेताओं ने खाद की कालाबाजारी पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसे लेकर प्रशासन के समक्ष मामला उठाया जायेगा.
बैठक में भाकपा राज्य परिषद सदस्य विनोद ठाकुर, जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला, नौरंगी पाल, श्री राम, खलील खान, रामनाथ उरांव, मूर्ति कुँवर, गोपाल प्रसाद और विद्या पासवान मौजूद थे.
