गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में अवैध बालू के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है. सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मेराल प्रखंड के हासनदाग क्षेत्र में औचक छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 61 ट्रैक्टर बालू जब्त किया है. एसडीएम की इस अचानक हुई कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उन्हें हासनदाग क्षेत्र में यूरिया नदी से अवैध बालू खनन और उसके बड़े पैमाने पर भंडारण की गुप्त सूचना मिल रही थी. सूचना के आधार पर जब छापेमारी की गई, तो वहां बालू के 61 अलग-अलग ढेर पाए गए. जांच में बालू में नमी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट है कि यह खनन हाल ही में (पिछले दो-चार दिनों के भीतर) किया गया है.
इनके नाम आए सामने, जांच के आदेश
स्थानीय पूछताछ के दौरान अवैध बालू भंडारण में नंदलाल तिवारी, प्रदीप तिवारी, दयावंत तिवारी और रिंकू तिवारी समेत अन्य के नाम सामने आए हैं. एसडीएम ने अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक और मेराल थाना प्रभारी को इन आरोपों की जांच करने और संलिप्त पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया है.
आम जनता से अपील
एसडीएम ने आम जनता से भी अपील की है कि वे बालू तस्करी और अवैध खनन की जानकारी समय पर प्रशासन को दें, जिससे कि तुरंत कार्रवाई की जा सके.
अधिकारियों को फटकार और दिशा-निर्देश
एसडीएम कुमार ने मौके पर ही मेराल सीओ को जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा. इसके साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को फोन पर निर्देश दिया गया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच करें और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों को चिन्हित करें. मेराल थाना प्रभारी को दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कदम उठाने का आदेश दिया गया.
प्रशासन का अभियान जारी रहेगा
एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन न केवल एक आर्थिक अपराध है, बल्कि यह पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय विधि-व्यवस्था के लिए भी खतरा है. ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट की चेतावनी: सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन न मिली तो रूकेगा नगर विकास सचिव का वेतन
